जमशेदपुर : झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने शिक्षकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं होने पर शिक्षक आंदोलन को बाध्य हो जायेंगे. श्री सिंह ने इस संबंध में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि सरकारी स्कूलों में शीतकालीन अवकाश होने के बाद भी शिक्षकों को छात्रों के छात्रवृत्ति भुगतान के लिए ई कल्याण पोर्टल पर प्रत्येक छात्र के डाटा संधारण का कार्य करना पड़ रहा है. इसमें भी स्कूल एवं आधार कार्ड के दस्तावेजों में नाम का हिज्जे अलग होने के कारण रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
यही नहीं, सर्वर डाउन होने के कारण डाटा सबमिट करते समय बार-बार एप्लिकेशन फेल होने से समय पर कार्य पूरा नहीं हो पाने की स्थिति में अधिकारियों द्वारा वेतन बंद एवं छुट्टियां रद्द किये जाने को शिक्षकों को मानसिक व बौद्धिक रूप से प्रताड़ित करना बताते हुए इसे दुखद एवं शिक्षकों की मर्यादा के खिलाफ बताया है. यही नहीं, उन्होंने राज्य सरकार के क्रिसमस को लेकर राज्य के सभी कर्मचारियों को 22 दिसंबर से वेतन भुगतान करने के निर्देश के बाद भी जिले के निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों की मनमानी के कारण शिक्षकों को अब तक भुगतान नहीं होने पर भी नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा है कि क्रिसमस जैसे महान पर्व पर भी शिक्षकों को आज तक वेतन का भुगतान नहीं किये जाने से शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है. उन्होंने इसे घोर आपत्तिजनक एवं अन्याय बताते हुए शिक्षकों की समस्याओं के अविलंब समाधान की मांग करते हुए ऐसा नहीं होने पर बाध्य होकर आगामी जनवरी महीने में आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है.



