
जमशेदपुर: वैश्विक महामारी के दौर में निजी स्कूलों के मामले में केंद्र या राज्य सरकार की ओर से अबतक कोई स्पष्ट दिशानिर्देश जारी नहीं किए जाने के कारण निजी स्कूलों का मनमानी चरम पर है. स्कूलों के अड़ियल रवैये के कारण अभिभावक उहापोह में हैं. सोमवार को झारखंड अभिभावक संघ पूर्वी सिंहभूम इकाई द्वारा जिले के उपायुक्त के नाम एक मांग पत्र सौंपते हुए निजी स्कूलों पर नकेल कसने की मांग की गई. संघ की अध्यक्ष पुष्पा श्रीवास्तव ने बताया कि संघ द्वारा लगातार निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ आवाज उठाई जा रही है, बावजूद इसके निजी स्कूल प्रबंधन अभिभावकों के खिलाफ तानाशाही रवैया अख्तियार किए हुए हैं. उन्होंने बताया, कि जबरन स्कूलों द्वारा अभिभावकों पर फीस जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है. साथ ही अन्य चार्ज भी वसूले जा रहे हैं. नहीं जमा कराने पर बच्चों को ऑनलाइन क्लास की सुविधा से वंचित किया जा रहा है. साथ ही जो अभिभावक आर्थिक तंगी के कारण टीसी लेना चाह रहे हैं, उनसे टीसी का चार्ज भी वसूला जा रहा है.















