जमशेदपुर : पिछले दिनों देवघर में पीएनबी परिसर में सुरक्षाकर्मी अशोक कुमार यादव पर ड्यूटी के दौरान पुलिस पदाधिकारी रतन सिंह द्वारा सबके सामने दुर्व्यवहार और मारपीट करने का वीडियो वायरल हुआ था जिसकी चौतरफा आलोचना हुई थी. पुलिस पदाधिकारी रतन सिंह ने पीड़ित सुरक्षाकर्मी अशोक यादव को किसी मामले में जेल भेज दिया था. इस घटना से बैंक यूनियनों में उबाल है. इसके लिए बुधवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर में यूएफबीयू (यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन) के नेतृत्व में इसके तहत आनेवाले विभिन्न बैंक यूनियन के सदस्य पोस्टल पार्क से सिग्नल और सिग्नल से पोस्टल पार्क तक एक विरोध रैली निकालेंगे. इस सिलसिले में बिष्टुपुर में यूएफबीयू के नेतृत्व में एक बैठक हुई जहां तय हुआ कि रैली के बाद सीएम हेमंत सोरेन, मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री चंपाई सोरेन, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त और एसएसपी को ज्ञापन सौंपा जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में यूएफबीयू के शीर्ष नेतृत्व ने देवघर घटना की कड़ी निंदा की. बीइएफआई की ओर से कामरेड सुजय राय, कामरेड डीएन सिंह, अनंत भूई, मनोतोष चक्रवर्ती, एआईबीईए की ओर से कामरेड सुजीत घोष, कामरेड आरबी सहाय, कामरेड दिव्यांशु गुप्ता, कामरेड मनोज, एनसीबीइ की ओर से कामरेड रामजी प्रसाद, सत्येन्द्र सिंह, रीतेश सिंह, कुन्दन कुमार, एआईबीओसी की ओर से कामरेड सुब्रत घोष और आईएनबीओसी की ओर से कामरेड गौतम घोष ने अपने विचार व्यक्त किए. यूएफबीयू जमशेदपुर के संयोजक रिंटू कुमार रजक ने बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अशोक यादव को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा. जिस तरह से उनको झूठे मुकदमों में फंसाया गया और मारपीट की गई उसकी जितनी भी आलोचना की जाए कम है.



