
Jamshedpur : आदिवासी सेंगेल अभियान (एएसए) तथा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू (पूर्व सांसद) ने कहा कि संगठन अपनी पांच सूत्री मांगों के समर्थन में आगामी 16 सितंबर को रांची के बिरसा चौक पर लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक धरना देगा. धरना-प्रदर्शन में एएसए तथा जदयू के कार्यकर्ता शिरकत करेंगे. प्रेस को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि उनकी मांगों में रामेश्वर मुर्मू की हत्या पर सीबीआई जांच, सरना धर्म कोड, संताली को राजभाषा बनाने, झारखंडी डोमिसाइल तथा सिदो मुर्मू व बिरसा मुंडा के वंशजों के लिये दो ट्रस्ट का गठन करना शामिल है. उन्होंने कहा कि आगामी 25 सितंबर को एएसए तथा जदयू झारखंड की ओर से 10 प्रमुख मांगों को लेकर प्रदेश स्तर पर धरना, प्रदर्शन, जुलूस आदि कर उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल ज्ञापन सौंपा जाएगा. उन मांगों में जिले के प्रमुख मांगों को भी जोड़ा जाएगा.







