जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के जी रोड में मंगलवार दोपहर स्कूटी सवार दो बेखौफ उचक्कों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उसका पर्स छीन लिया और रफूचक्कर हो गए. दिनदहाड़े बीच सड़क पर हुई इस झपटमारी की वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों उचक्के एक ही स्कूटी पर सवार थे और घटना को अंजाम देने के बाद बेहद तेजी से कदमा की ओर भाग निकले. पीड़िता ने बताया कि वह अपने गंतव्य की ओर जा रही थीं, तभी पीछे से आए स्कूटी सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स उड़ा लिया. छीने गए पर्स में एक मोबाइल फोन और करीब ढाई हजार रुपये नकद सहित कुछ अन्य जरूरी कागजात थे. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद पीड़िता ने तुरत इसकी जानकारी स्थानीय लोगों और सोनारी थाना पुलिस को दी. घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस तुरत एक्शन में आई और मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश शुरू की. राहत की बात यह है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों आरोपियों के चेहरे और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी स्पष्ट रूप से कैद हो गए हैं. पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान तेज कर दी है. इसके साथ ही पुलिस ने स्थानीय आम लोगों से भी अपील की है कि यदि वे वीडियो या हुलिए के आधार पर किसी संदिग्ध को पहचानें, तो तुरत इसकी सूचना सोनारी थाना को दें.







