
जमशेदपुर : टेल्को थानांतर्गत जेम्को के आजाद बस्ती निवासी जितेंद्र कुमार राय ने अपने घर में रह रहे किरायेदार के खिलाफ स्थानीय थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. वहीं पुलिस द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं किये जाने के मद्देनजर अब उन्होंने सिटी डीएसपी से न्याय की गुहार लगायी है. जितेंद्र कुमार राय ने बताया है कि उनका किरायेदार गोरख साव उनके बगल वाले कमरे में रहता है. वह वर्ष 2019 से बगैर किराया दिये रह रहा है. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
जितेंद्र कुमार राय ने बताया है कि किरायेदार गोरख साव ने कोरोना काल का हवाला देते हुए 1200 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से किराया देने की बात कही थी. लेकिन किराया की मांग करने व घर खाली करने की बात कहने पर उसने लड़ाई-झगड़ा किया तथा बीच की दीवार व एस्बेस्टस की छत को तोड़ कर गिरा दिया. साथ ही उसके द्वारा घर के आंगन में अर्धनिर्मित कमरे पर कब्जा कर उसका निर्माण कराया जा रहा है. जितेंद्र कुमार राय ने बताया है कि इस संबंध में पिछले 4 सितंबर को टेल्को थाना में लिखित शिकायत की गयी थी. लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. उसके बाद पिछले 5 सितंबर को आरोपी ने कुछ अपने साथियों के साथ मिल कर जितेंद्र कुमार राय के इकलौते पुत्र विवेक कुमार के साथ मारपीट की, जिसका एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है.







