जमशेदपुर : जुगसलाई पुलिस ने जुगसलाई रामटेकरी रोड स्थित अग्रसेन भवन के पास संचालित बजाज अगरबत्ती कंपनी में छापामारी कर वहां से भारी मात्रा में नकली हाई वोल्टेज अगरबत्ती बरामद की है. पुलिस इस दौरान एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है, जिससे अभी पूछताछ चल रही है. पुलिस ने नकली अगरबत्तियों की भारी मात्रा को देखते हुए पूरे कंपनी परिसर को सील कर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि मच्छर मारने वाली प्रसिद्ध हाई वोल्टेज अगरबत्ती की नकल कर बाजार में बेचे जाने की सूचना मिलने पर हाई वोल्टेज अगरबत्ती ब्रांड की मूल निर्माता कंपनी के मालिक विमल अग्रवाल ने इस संबंध में जुगसलाई थाना में शिकायत दर्ज कराई. उक्त शिकायत के आलोक में जुगसलाई थाना पुलिस ने अग्रसेन भवन के पास स्थित बजाज अगरबत्ती कंपनी पर छापामारी की. छापामारी के दौरान वहां से भारी मात्रा में ‘हाई वोल्टेज’ ब्रांड की नकली अगरबत्तियां पकड़ी. जब्त अगरबत्तियों की मात्रा इतनी अधिक है, जिसके कारण पुलिस ने पूरे माल के साथ कंपनी को सील कर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने इस दौरान एक आरोपी को भी हिरासत में लिया, जिससे फिलहाल पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बिना लाइसेंस और ब्रांड की स्वीकृति के इस कंपनी में लंबे समय से नकली उत्पाद बनाए जा रहे थे, जिससे ‘हाई वोल्टेज अगरबत्ती’ ब्रांड की साख और बाजार दोनों को भारी नुकसान हो रहा था. गौर तलब है कि हाई वोल्टेज अगरबत्ती विंदा अगरबत्ती कंपनी के नाम से संचालित है, जिसे सरकार से लाइसेंस मिला हुआ है. यह कंपनी जुगसलाई शिवघाट में स्थित है. (नीचे भी पढ़ें)
जुगसलाई थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद माल की गिनती और मूल्यांकन का काम किया जा रहा है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गोरखधंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. फोरेंसिक और ट्रेडमार्क उल्लंघन से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है. शिकायत कर्ता विमल अग्रवाल के बयान के आधार पर पुलिस संगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई कर रही है. वहीं नकली अगरबत्ती बनानेवाली बजाज अगरबत्ती कंपनी के संचालक हितेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया गया है.




