पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार 29 मई को दो दिवसीय बिहार दौरे की शुरुआत पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन से की. पीएम शाम 4 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचे. उसके बाद नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया. जेपी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैयार यह नया टर्मिनल न सिर्फ वास्तुशिल्प के लिहाज से भव्य है, बल्कि इसकी सुविधाएं भी अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित हैं. अत्याधुनिक तकनीकों और यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया यह टर्मिनल बिहार के हवाई यातायात को नई दिशा देगा. इस अवसर पर सीएम नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,विजय सिन्हा और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू उपस्थित थे.(नीचे भी पढ़े)

नए टर्मिनल में यात्रियों को डिजिटल सुविधाएं भी दी गई हैं जैसे कि सेल्फ चेक-इन कियोस्क, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, और फ्लाइट की रियल टाइम जानकारी. यात्री मोबाइल ऐप से बोर्डिंग पास डाउनलोड कर सकते हैं और गेट नंबर भी देख सकते हैं. टर्मिनल में 6 मुख्य द्वार बनाए गए हैं. जिनसे यात्रियों की भीड़ को अलग-अलग ज़ोन में बांट कर व्यवस्थित किया जाएगा. आगमन और प्रस्थान की अलग-अलग लेन होने से कोई टकराव या अव्यवस्था नहीं होगी.इस नए टर्मिनल को तैयार करने में कुल 1,200 करोड़ रुपये की लागत आई है. इसका निर्माण एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा किया गया है. यह प्रोजेक्ट समयबद्ध तरीके से पूरा हुआ और इसे भविष्य की ज़रूरतों के हिसाब से लचीलापन दिया गया है. यह टर्मिनल आने वाले वर्षों में 80 लाख यात्रियों की सालाना क्षमता रखता है. (नीचे भी पढ़े)
टर्मिनल के उद्घाटन के बाद एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक लगभग 5 किमी लंबा पीएम का रोड शो शुरू हुआ. रोड शो आरण्य भवन से शुरू होकर डुमरा चौकी, बेली रोड, आयकर गोलंबर होते हुए बीजेपी कार्यालय वीरचंद पटेल पथ तक पहुंचा. बता दें कि पूरे मार्ग पर 32 स्वागत मंच बनाये गेये थे. रो़ड शो में भारत माता की जय और ‘मोदी-मोदी के नारे गूंज रहे थे. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच विशेष थीम वाला स्टेज बनाया गया है, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर और ब्रह्मोस मिसाइल की झलक दिखाई दे रही है.सुरक्षा के लिए 3000 से ज्यादा जवान तैनात किये गये थे. खबर है कि भाजपा कार्यालय में पीएम मोदी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे.


