जमशेदपुर : जमशेदपुर इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स एंड क्राइम कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन के बैनर तले सोनारी स्थित आर्मी कैंप में रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास एवं भावपूर्ण वातावरण में मनाया गया. इस विशेष अवसर पर ऑर्गेनाइजेशन की नेशनल वाइस प्रेसिडेंट उषा सिंह एवं सरायकेला जिलाध्यक्ष मीरा तिवारी के नेतृत्व में अनेक बहनों तथा स्कूली बच्चियों ने कार्यक्रम में भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान बहनों और स्कूली बच्चियों ने आर्मी कैंप में तैनात सैनिक भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधकर उनके प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की. सैनिक भाइयों को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भी दी गईं. इस दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति और भाईचारे की भावना से ओत-प्रोत रहा. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर उषा सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि देश की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का भी अवसर है. हमारे सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर देशवासियों की सुरक्षा के लिए दिन-रात कर्तव्य निभाते हैं. उनकी वीरता, त्याग और समर्पण को नमन करते हुए सैनिक भाइयों की कलाई पर राखी बांधना हम सभी के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में बहनों एवं स्कूली बच्चियों ने सैनिक भाइयों के साथ आत्मीयता से रक्षाबंधन मनाया और देश की सुरक्षा में उनके योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद दिया. राखी के इस पवित्र धागे ने सैनिकों और आम नागरिकों के बीच स्नेह, सम्मान और विश्वास के रिश्ते को और मजबूत किया.




