जादूगोड़ा : जादूगोड़ा के मनोरंजन क्लब में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ग्रुप केंद्र द्वारा रक्षाबंधन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य भाई-बहन के पवित्र प्रेम एवं सुरक्षा के संकल्प को सुदृढ़ करने के साथ-साथ समाज में नशामुक्ति, महिला सुरक्षा एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश प्रसारित करना रहा. कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत एवं उद्घाटन संबोधन से हुआ. इसके पश्चात ध्यान एवं मेडिटेशन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थितजनों ने मानसिक शांति, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश ग्रहण किया. समारोह डॉ जयदेव केसरी, पुलिस उपमहानिरीक्षक व सीमा चौहान केसरी, क्षेत्रीय कावा प्रमुख ग्रुप केंद्र/रेंज जमशेदपुर की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर क्षेत्रीय कावा प्रमुख ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए उपस्थित ब्रह्माकुमारी बहनों एवं कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं के साथ रक्षाबंधन समारोह में भाग लिया. डॉ जयदेव केसरी, डीआईजी द्वारा नशामुक्त भारत के संकल्प के अंतर्गत ड्रग डी-एडिक्शन शपथ दिलाया गया. उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने की आवश्यकता पर बल दिया. इस दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों एवं कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं द्वारा जवानों एवं उपस्थित सदस्यों की ओर से जवानों राखी बांधी गई और बहनों की रक्षा, विश्वास, भाईचारे और राष्ट्रसेवा के पवित्र भाव को अभिव्यक्त किया गया. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित बहनों एवं छात्राओं को उपहार देकर सम्मानित भी किया गया.




