
जमशेदपुर : केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की एक बैठक आज उत्कल एसोसिएशन में उपाध्यक्ष गौतम प्रसाद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मौजूदा परिस्थिति में रामनवमी का महापर्व कैसे संपन्न हो इस पर विचार विमर्श किया गया, जिसमें अखाड़ा समिति के सदस्य भी मौजूद थे। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकारी गाइडलाइन एवं कोविड के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए सनातन धर्म को बचाते हुए पूरी विधि विधान से राम नवमी का पर्व शहर में मनाया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि विगत कई दिनों से सदस्यों के द्वारा शहर के विभिन्न अखाड़ा समितियों के लोगों से संपर्क किया जा रहा था कलश यात्रा होगी एवं विसर्जन भी होगा। बिना नदी के जल के पूजा संभव नहीं हो सकती है एवं पूजा उपरांत ध्वजा को नदी में ठंडा किया जाता है। अतः covid-19 के दिशा-निर्देशों को एवं पूजा के अनुष्ठानों के बीच समन्वय स्थापित कर शहर में शांतिपूर्ण ढंग से रामनवमी का पर्व मनाया जाएगा। बैठक में उपाध्यक्ष गौतम प्रसाद, मनीष कुमार, अजय शर्मा व अन्य उपस्थित थे।






