
जमशेदपुरः एक बार फिर मानवता को शर्मशार करने वाली घटना सामने आई है. मामला सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के इंद्रनगर का है जहां एक 13 वर्षीय किशोरी के साथ उसी के फुफेरे भाई के द्वारा दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है. इधर घटना के बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ने लगी तो उसने घर वालों को सारी जानकारी दी. जानकारी मिलने के बाद परिजन सीधे थाना पहुंचे और मामले की शिकायत की. शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस शनिवार को पीड़िता का मेडिकल करवाकर उसे न्यायालय में प्रस्तुत करेगी. मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता देवनगर की रहने वाली है. वह मंगला पूजा के लिए 28 मार्च को इंद्र नगर स्थित अपने फुआ के घर गई हुई थी. 8 मार्च को वह वापस अपने घर गई. घर पर उनकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने कारण पूछा. उसने घर वालों को बताया कि जब वह फूआ के घर पर थी तो भाई ने उसके साथ गलत किया. गलत करने के बाद उसने धमकी दी की यह बात किसी को नही बताए. वह डरी हुई थी इसलिए किसी को घटना की जानकारी नहीं दी. फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है.












