
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड सभागार में जिला के वरीय पदाधिकारी अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था नंद किशोर लाल ने प्रखंड कर्मियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की. बैठक में पीएमआरवाई अंतर्गत सभी पंचायत सचिवों को शत-प्रतिशत साप्ताहिक लक्ष्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. मनरेगा अंतर्गत प्रत्येक गांव में 05 योजना चालू करने का निर्देश रोजगार सेवकों को दिया है. सभी नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों की ढलाई अप्रैल माह तक करने का निर्देश पंचायत सचिवों को दिया गया. बैठक के पूर्व वरीय पदाधिकारी द्वारा कुचियाशोली पंचायत अंतर्गत पीएमआरवाई और आंगनबाड़ी (नव निर्माण) केंद्रों का भौतिक निरीक्षण किया. इस दौरान श्री लाल ने सीएचसी पहुंचकर स्वास्थ्य कर्मियों से मिलकर सीएचसी की वस्तुस्थिति से अवगत हुए और कोविड 19 के वैक्सिनेशन कार्य की जानकारी ली. उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि कोविड- 19 के प्रचार- प्रसार कर लोगों को वैक्सिन लेने के प्रति जागरूक करे ताकि अधिक से अधिक संख्या में लोग वैक्सीन ले सके.












