जमशेदपुर : रेड क्रॉस सोसाइटी की पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई एवं राम मनोहर लोहिया नेत्रालय की ओर से द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से गोयल परिवार के संयोजन में शनिवार को बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में 787वें नेत्र शिविर का शुभारंभ हुआ. आज डॉ बीपी सिंह एवं उनकी सहयोगी चिकित्सीय टीम ने नेत्र रोगियों की जांच के साथ शिविर की शुरुआत की. (नीचे भी पढ़ें)

आज जांच सत्र में कुल 63 नेत्र रोगियों की जांच की गई जिनमें 30 नेत्र रोगियों को मोतियाबिन्द ग्रस्त पाया गया, जिनकी शारीरिक जांच के पश्चात उपयुक्त नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह, डॉ भारती शर्मा, डॉ पूनम सिंह, डॉ विवेक केडिया एवं सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा रविवार, 5 अक्टूबर को राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के ऑपरेशन थियेटर में किया जाएगा. सोमवार को ऑपरेशन करानेवाले नेत्र रोगियों की आंखों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच की जाएगी तथा चश्मे व आवश्यक दवाइयां प्रदान कर उन्हें विदा किया जाएगा. आज जांच सत्र के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के साथ कार्यकर्ता अशोक कुमार घोषाल, राधेश्याम कुमार, प्रकाशभानु महतो, हीरालाल मुख्य रूप से उपस्थित थे.














