जमशेदपुर : रेड क्रॉस के सभी कार्य पीड़ित मानवता की सेवा के लिए हैं, विशेषकर जब किसी व्यक्ति को आंखों की रौशनी मिलती है तो उस व्यक्ति की खुशी का मोल नहीं लगा सकते. उसी प्रकार रेड क्रॉस के कार्यों का कोई मोल नहीं है, यह अनमोल है. उक्त विचार पीएसपीएल समूह के प्लांट हेड आरएन झा ने आज बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में गर्मी के पश्चात शुरू हो रहे नेत्र शिविर की दूसरी कड़ी का उद्घाटन करते हुए व्यक्त किये. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस के सचिव श्री सिंह को जो सेवा का सम्मान मिलने जा रहा है, वह सम्मान हम सभी का सम्मान है और हमें गर्व है. कार्यक्रम में पीएसपीएल के सीएसआर कार्यक्रम के तहत 365 नेत्र ऑपरेशन अभियान में ऑपरेशन की शुरुआत भी आज दीप प्रज्जवलित कर आरएन झा के साथ राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, डॉ बीपी सिंह, रेड क्रॉस सोसायटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, समाजसेवी जुगल किशोर सावा, सुनील कुमार सावा, सीमा देवी सावा ने संयुक्त रूप से किया. नेत्र शिविर में 78 नेत्र रोगियों की आंखो की जांच डॉ बीपी सिंह एवं उनकी सहयोगी टीम ने की, जिसमें से 42 नेत्र रोगियों को मोतियाबिन्द ग्रस्त पाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

ऑपरेशन के लिए स्वास्थ्य जांच में उपयुक्त नेत्र रोगियों का रविवार को राम मनोहर लोहिया नेत्रालय मे डॉ बीपी सिंह, डॉ भारती शर्मा, डॉ पूनम सिंह, डॉ विवेक केडिया एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा की जायेगी. सोमवार को ऑपरेशन कराये मरीजों की पट्टी खोलकर जांच की जायेगी तथा उन्हें आवश्यक दवा, चश्मा के साथ आंखों की देखभाल की जानकारी प्रदान कर विदा किया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
आज से शुरू हुए नेत्र ज्योति अभियान में लगातार 40 नेत्र शिविरों की तिथियां अप्रैल 2024 तक के लिए प्रत्येक सप्ताह तय की गयी है, जिसमें प्रत्येक शनिवार को नेत्र रोगियों के आंखों की जांच, रविवार को ऑपरेशन एवं सोमवार को उन्हें विदा किया जायेगा. शिविर के आयोजन में हमेशा की तरह रेड क्रॉस सोसाइटी, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के साथ राजस्थान सेवा सदन, द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट, राजस्थान सेवा सदन एवं जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति सहयोगी हैं.



