
जमशेदपुर : रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव बिजय कुमार सिंह ने आम जनता की जानकारी के लिए विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा है कि रेड क्रॉस वैक्सीन सेन्टर में कोविड-19 का वैक्सीन कोविशील्ड तथा को-वैक्सीन की स्टाक आज 4 अप्रैल को समाप्त हो गया है। कोविशील्ड निर्माता कम्पनी के एडिशनल डाईरेक्टर मार्केटिंग एवं सेल्स ने पत्र लिखकर सूचित किया है कि कम्पनी ने कोविशील्ड का उत्पादन पूरी तरह से बन्द कर दिया है। भविष्य में भी उत्पादन की कोई योजना नहीं है, ऐसी स्थिति में एक्सपायर वैक्सीन भी कम्पनी वापस नहीं लेगी क्योंकि इस दवा का निर्माण इमरजेंसी युजेज लाईसेंस के तहत किया गया था। लगभग यह स्थिति को-वैक्सीन की भी है। लोगों को कोरोना से बचाने के लिए वैक्सीन निर्माता बायोलॉजिकल इंवांस (बीई) से सम्पर्क किया जा रहा है, जो कोवावैक्स के नाम से कोविड-19 से बचाव हेतु वैक्सीन बनाती है। यह वैक्सीन कोविशील्ड या कोवैक्सीन की डोज लेने वाले थर्ड वैक्सीन डोज के रूप में ले सकते हैं। उपलब्धता पर सूचना दी जायेगी। फिलहाल असुविधा के लिए खेद है। वैसे बचाव के लिए चिकित्सक की सलाह लेकर फ्लू वैक्सीन लिया जा सकता है। (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर : प्रत्येक माह रेड क्रॉस भवन, साकची में 8 तारीख को आयोजित होने वाला रक्तदान शिविर अप्रैल महीने की 8 तारीख को स्वतंत्रता सेनानी स्व. चित्तरंजन मुखर्जी (चित्तो दा) तथा शहीद सैनिकों की स्मृति मे आयोजित किया जायेगा। आज रेड क्रॉस भवन में रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में रक्तदान के सफलता पूर्वक आयोजन पर बैठक की गयी। रक्तदान शिविर में लॉयन्स क्लब ऑफ जमशेदपुर नार्थ के साथ झारखंड पूर्व सैनिक सेवा परिषद की पूरी टीम भाग लेगी। 8 अप्रैल को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में नियमित रक्तदाता भी रक्तदान कर सकेंगे। अप्रैल माह रक्त जरूरत को पूरा करने के लिए एक महत्वपूर्ण समय है, जब मई एवं जून की गर्मी के लिए रक्त संग्रहित किया जाता है। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम ने रक्तदाताओं से आग्रह किया है कि वे बड़ी संख्या में रक्तदान कर मई एवं जून के लिए आवश्यक रक्त की मात्रा संग्रहित करने में रेड क्रॉस सोसाईटी की मदद करें ताकि हर जरूरतमंद को समय पर रक्त मिल सके। रेड क्रॉस सोसाईटी के पेट्रन व लॉयन्स सुदिप्तो मुखर्जी तथा झारखंड पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सुशील सिंह एवं उनकी टीम ने अपने साथियों से इस अवसर पर आगे बढ़कर रक्तदान करने का आग्रह किया है।











