जमशेदपुर: “रक्तदान महायज्ञ का इतने वृहद पैमाने पर आयोजन करना और इसकी पूरी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करना कोई आसान काम नहीं है. रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम की पूरी टीम ने इसे बेहद व्यवस्थित ढंग से आयोजित किया है. उक्त विचार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं टाटा स्टील तथा निप्पन स्टील के संयुक्त उपक्रम जेसीएपीसीपीएल के प्रबंध निदेशक कपिल मोदी ने रेड क्रॉस भवन, साकची में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर आयोजित रक्तदान महायज्ञ के उद्घाटन समारोह में व्यक्त किये. कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एसडीओ-सह-उपाध्यक्ष अर्णव मिश्रा ने रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के कार्यक्रमों में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां मानवता की सेवा के लिए सभी कार्यक्रम बेहतर स्तर पर आयोजित किये जाते हैं. रक्तदान महायज्ञ और नेत्र ज्योति यज्ञ इसके उत्कृष्ट उदाहरण हैं.इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव एवं झारखंड रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी द्वारा राष्ट्रीय रक्तदान दिवस के अवसर पर भेजे गये शुभकामना संदेश का वाचन सोना देवी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रभाकर सिंह ने किया.(नीचे भी पढ़े)
सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि सम्मानित: कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम को नियमित रूप से सहयोग प्रदान करने वाली संस्थाओं एवं प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया. जेसीएपीसीपीएल के कपिल मोदी, टाटा मोटर्स की श्रीमती आंचल सिन्हा, टीआरएफ के कौशिक दत्ता, एसडीएसएम स्कूल फॉर एक्सीलेंस के दिवाकर सिंह, ह्युमन वेल्फेयर ट्रस्ट के मुख्तार हुसैन, एहसिन फाउण्डेशन के आसिफ महमूद तथा केके एजुकेशनल फाउण्डेशन ट्रस्ट की श्रीमती रश्मि सिंह को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया.कार्यक्रम में जिला के सिविल सर्जन-सह-जिला रक्तदान एवं निगरानी समिति के सचिव डॉ साहिर पाल ने रेड क्रॉस के रक्तदान शिविरों की सराहना करते हुए कहा कि इन शिविरों के माध्यम से जमशेदपुर में रक्त की उपलब्धता बनी रहती है और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में काफी मदद मिलती है.रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा आयोजित रक्तदान अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए रेड क्रॉस सोसाईटी, झारखंड राज्य शाखा के सचिव डॉ निरंजन सिंह राज्य प्रतिनिधि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने रेड क्रॉस के कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके सेवा कार्यों की सराहना की.(नीचे भी पढ़े)
तीन स्थानों पर 865 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान: राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा तीन स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किये गये. रेड क्रॉस भवन में रेड क्रॉस सोसाईटी एवं जमशेदपुर ब्लड सेन्टर के सहयोग से, नरवा पहाड़ सामुदायिक केन्द्र में जीवन ज्योति सेवा समिति एवं ब्रह्मानन्द ब्लड सेन्टर के सहयोग से तथा मुसाबनी सीआरपीएफ में आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 865 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर इस महाअभियान को सफल बनाया.राष्ट्रीय रक्तदान पखवाड़ा के तहत पिछले 14 दिनों में रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के रक्तदान अभियानों के माध्यम से रक्तदाताओं के सहयोग से कुल 2170 यूनिट रक्तदान मानवता की सेवा के लिए उपलब्ध कराया गया.(नीचे भी पढ़े)
8 अक्टूबर को होगा पूरक रक्तदान शिविर: रक्तदान अभियान को निरंतर जारी रखते हुए आगामी 8 अक्टूबर को रेड क्रॉस भवन में एक पूरक रक्तदान शिविर आयोजित किया जायेगा. यह शिविर रेड क्रॉस के पेट्रन आसिफ महमूद की अध्यक्षता में एहसिन फाउण्डेशन के सहयोग से आयोजित होगा. रेड क्रॉस भवन में आयोजित रक्तदान शिविर का संचालन कर रहे रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने रक्तदाताओं से भविष्य में भी आगे बढ़कर रक्तदान करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को इस मानवीय अभियान से जोड़ने का आग्रह किया.







