जादूगोड़ा : पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय खुकड़ाडीह में गुरुवार को मॉडल यूथ ग्रामसभा का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक प्रक्रिया, पंचायती राज व्यवस्था और ग्राम सभा के महत्व के प्रति जागरूकता पैदा करना था. इस दौरान कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा मुखिया,वार्ड सदस्य, सचिव,कृषि सहायक, एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी आदि की भूमिकाओं का जीवंत मंचन. ग्राम सभा में ग्राम – विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण और रोजगार पर चर्चा की गई. इसके बाद प्रश्नोत्तर और प्रस्ताव पारित करने का अभ्यास कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इस पहल ने छात्रों का न केवल संविधान और पंचायती राज को समझने का मौका दिया, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी मिली. इस अवसर पर हितकू ग्राम पंचायत के मुखिया पल्टन मुर्मू, प्रधानाध्यापक अरुण कुमार के अलावा पीरामल फाउंडेशन की तरफ से उपासना मैम एवं सीआरपी शंकर गोप, मिथिलेश कुमार व विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, ग्राम प्रधान एवं अभिभावकों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया.







