जादूगोड़ा : परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष अजीत कुमार महंती के आगामी चार अक्तूबर को जादूगोड़ा दौरे को लेकर जहां यूसिल प्रबंधन का पूरा अमला जादूगोड़ा से लेकर नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट तक साफ-सफाई से लेकर बिजली की रौशनी से भवनों को सजाने-संवारने में लगा है, वहीं नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट के विस्थापित संगठन स्थानीय विस्थापित एवं प्रभावित बेरोजगार संघ हितकू पंचायत के सचिव अमित दास व अध्यक्ष अशोक दास ने अपनी मांगों को लेकर यूसिल के वाहनों का आगामी चार अक्तूबर को आवागमन ठप्प करने की घोषणा की है. (नीचे भी पढ़ें)
उधर हितकू पंचायत के विस्थापितों ने इस सिलसिले में कल शुक्रवार को संध्या समय ग्रामीणों की बैठक हितकू बजरंगबली चौक पर बुलाई है जहां आगामी चार अक्तूबर को घोषित आंदोलन की रणनीति पर विचार किया जायेगा. विस्थापितों के यूसिल के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी की घोषणा से कंपनी प्रबंधन के हाथ-पांव फूल गए हैं. इस बाबत संघ के अध्यक्ष अशोक दास व सचिव अमित ने कहा कि उनकी मांगो को लेकर बीते 22 सितंबर को यूसिल प्रबंधन ने 10 दिनों की मोहल्लत मांगी थी. समय सीमा पूरी होने के बाद भी कंपनी प्रबंधन मामले को सुलझाने में असफल रही, जिसके कारण संघ ने आगामी चार अक्तूबर को अपनी मांगों के समर्थन में यूसिल वाहनों की आवागमन ठप करने की चेतावनी दी है.







