
जमशेदपुर : जमशेदपुर के रजिस्ट्री विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितता की जांच करने के लिए जमशेदपुर के एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पहुंचे. उन्होंने करीब तीन घंटे तक वहां की फाइलों की जांच की. जांच के दौरान उन्होंने सारे पंजियों का अवलोकन किया. रजिस्ट्री किस तरह से होती है और किस तरह से कामकाज हो रहा है, उसके बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की गयी. इस दौरान पाया गया कि रजिस्ट्री विभाग में पंजियों का रख-रखाव ठीक तरीके से नहीं हो रहा है. इस दौरान भ्रष्टाचार निरोधक विभाग के दिशा निर्देशो का अनुपालन हो रहा है या नहीं, इसके बारे में भी जानकारी हासिल की गयी.
इसके अलावा रजिस्ट्रार और रजिस्ट्रार के ऑफिस में पदस्थापित कर्मचारियों और अधिकारियों से भी पूछताछ की गयी. यह पता करने की कोशिश की गयी कि कहीं कोई गड़बड़ी तो नहीं है. जनता के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराया जा रहा है या नहीं और कोविड-19 को लेकर जो गाइडलाइन दिया गया है, उसका अनुपालन हो रहा है या नहीं, इसके बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गयी. इसको लेकर करीब तीन घंटे तक फाइलों की जांच की गयी है और कार्रवाई की गयी है. लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. वैसे इसके बारे में विस्तार से कोई जानकारी देने से एडीएम ने इनकार किया है.






