जमशेदपुर: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 29वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने साकची गोलचक्कर पर भव्य आयोजन कर जश्न मनाया. इस कार्यक्रम का नेतृत्व राजद के जिला अध्यक्ष ललन यादव ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए पूरे उत्साह और जोश के साथ स्थापना दिवस मनाया. इस मौके पर एक क्विंटल लड्डू का वितरण किया गया, जिससे आसपास के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला. स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय जनता से संवाद स्थापित करने हेतु जनसम्पर्क अभियान भी चलाया.(नीचे भी पढ़े)
इसमें राजद की नीतियों, सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता और पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक समुदायों के लिए चलाए जा रहे संघर्ष को रेखांकित किया गया. अध्यक्ष ललन यादव ने बताया कि राजद सिर्फ एक पार्टी नहीं बल्कि सामाजिक न्याय की आवाज है. आज हम लालू प्रसाद यादव की सोच और आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक समरसता और संविधान की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध हैं. जमशेदपुर में हम लगातार जनहित के मुद्दों को उठा रहे हैं और आगे भी जनआंदोलन जारी रहेगा.राजद के स्थापना दिवस को लेकर सिर्फ साकची ही नहीं, बल्कि जमशेदपुर के अन्य हिस्सों जैसे बारीडीह, बागबेड़ा, परसुडीह और जुगसलाई में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए.



