
जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत मरीन ड्राइव पर घोड़ा चौक के पास सड़क पार कर रहे 8 वर्षीय आनंद देवगम को एक स्कार्पियो ने अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा सड़क पर काफी दूर जा गिरा. घटना के अंजाम देने के बाद स्कार्पियो तेज़ी से सोनारी की ओर फरार हो गया. इधर स्थानीय लोगों ने बच्चे को इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया जहां बच्चे को स्थिति गंभीर बताई जा रही है. बच्चे का इलाज पीआईसीयू में चल रहा है. इधर गुस्साए लोगों ने मरीन ड्राइव को जाम कर दिया. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास करने लगी पर लोग समझने को तैयार नहीं है. लोगों का कहना है कि बच्चे इलाज कराया जाए और धक्का मारने वाले को पुलिस पकड़े. साथ ही बच्चे के परिजनों को मुआवजे की राशि दी जाए. मिली जानकारी के अनुसार आनंद सड़क पार कर नदी की ओर शौच के लिए जा रहा था. सड़क पार करते समय आदित्यपुर की ओर से आ रहे एक तेज़ रफ्तार स्कार्पियो ने उसे धक्का मार दिया और फरार हो गया. प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार कार में बीजेपी का झंडा लगा हुआ था. फिलहाल पुलिस स्कार्पियो को तलाश कर रही है.



