जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर अन्ना चौक के समीप जर्जर सड़क और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों का आक्रोश सोमवार को सड़क पर उतर आया. सुबह हुए एक सड़क हादसे के बाद जिला परिषद सदस्य डॉ परितोष सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने सड़क के बीच बने गड्ढों में पेड़-पौधे लगाकर प्रशासन और संबंधित कंपनियों के प्रति नाराजगी जताई. प्रदर्शन के दौरान डॉ परितोष सिंह ने कहा कि जेमको चौक से अन्ना चौक तक सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है. इस मार्ग पर करीब पांच बड़ी कंपनियां संचालित हैं, इसके बावजूद सड़क पर जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढों की समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि खराब सड़क के कारण आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं. इसके बावजूद प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए गंभीर पहल नहीं की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

डॉ सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा. उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की आर्थिक नाकेबंदी की चेतावनी देते हुए कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित कंपनियों की होगी. विरोध प्रदर्शन में जम्मी भास्कर, पिंकी सिंह, रमन सिंह, राजबान सिंह, गोविंदा लोहरा, इंद्रजीत सिंह और दिनेश सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय बस्तीवासी शामिल हुए.




