जमशेदपुर: सांस की गंभीर बीमारी से जूझ रही 26 वर्षीय सिमरन कौर को रोटी बैंक ने दी नई जिंदगी. टेल्को निवासी सुरेंदर सिंह की बेटी सिमरन कौर विगत तीन वर्षो से सांस की गंभीर बीमारी से जूझ रही है, उसे सांस लेने मे हमेशा दिक्क़त होती है. अतिरिक्त ऑक्सीजन मास्क के बिना वह सांस नहीं ले सकती है. एमजीएम अस्पताल मे पिछले डेढ़ वर्षों से भर्ती रहकर, सिमरन आक्सीजन मास्क के सहारे अपना जीवन को आगे बढ़ा रही थी. एमजीएम अस्पताल के कॉरिडोर गिरने के बाद से एमजीएम को डिमना शिफ्ट करने की कवायद में अनेक मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया, जिसमे सिमरन भी शामिल थी. अस्पताल से मिल रहे आक्सीजन मास्क एकाएक हटा लिया गया, जिससे सिमरन की स्थिति अचानक चिंताजनक हो गयी. (नीचे भी पढ़े)

इसके बाद सिमरन के पिता सुरेन्द्र सिंह एवं भाई कमलजीत सिंह ने रोटी बैंक से सिमरन की जीवन रक्षा के लिए तत्काल आक्सीजन जेनरेटर मशीन उपलब्ध कराने की मांग की. रोटी बैंक के चेयरमेन मनोज मिश्रा ने समाजसेविका एवं रोटी बैंक की वरीय सदस्य प्रेम लता अग्रवाल से संपर्क कर सिमरन के लिए सहयोग मांगा. प्रेमलता अग्रवाल ने जुबिली पार्क मॉर्निंग वॉकर्स वीमेन्स ग्रुप की बहनों से सिमरन के जीवन रक्षा के लिए अभियान लाइफ सेविंग फोर सिमरन आरम्भ की और देखते देखते लगभग 60 हज़ार की फिलिप्स कंपनी की ऑक्सीजन जेनरेटर मशीन खरीद ली गयी. मशीन खरीदारी मे शारदा संघी, ममता अग्रवाल, ललिता चौधरी,देवी खेमका व संतोष अग्रवाल ने सहयोग किया. जिसे गुरुवार को मनोज मिश्रा की देखरेख में एमजीएम अस्पताल मे रोटी बैंक के भोजन वितरण शिविर मे सिमरन के पिताजी सुरेंद्र सिंह एवं भाई कमलजीत सिंह को सौंप दिया गया. इस अवसर पर प्रेम लता अग्रवाल, आईवीएफ डॉक्टर बिनोद अग्रवाल एवं बिनिता अग्रवाल मुख्य रूप से मौजूद थे.














