चाकुलिया: चाकुलिया-बेंद मुख्य सड़क पर तरंगा गांव के पास रविवार को तेज रफ्तार बाइक से बचने के चक्कर में यात्री से भरा टोटो सड़क किनारे पलट गया. इससे टोटो पर सवार बड़ामारा निवासी लखन सोरेन, पत्नी मोगली सोरेन और तीन वर्षीय पुत्री सरिता सोरेन घायल हो गए. तीनों घायलों को चाकुलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जहां चिकित्सक ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया. (नीचे भी पढ़े)

मिली जानकारी के मुताबिक लखन सोरेन, मोगली सोरेन, सरिता सोरेन, नेपाल कालिंदी, टूनु कर्मकार और बदरू कालिंदी टोटो पर सवार होकर बेंद की ओर जा रहे थे. लखन सोरेन ने बताया कि वह पत्नी और पुत्री के साथ बड़ामारा से पश्चिम बंगाल के गाम्हरिया जा रहा था. टोटो में छह यात्री सवार होकर बेंद जा रहे थे. इस दौरान सामने एक तेज रफ्तार की बाइक आ गयी, बचने के चक्कर में टोटो सड़क किनारे पलट गया. सूचना पाकर थाना के एएसआई किशुन तियू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घटना की जानकारी ली.




