पटमदा : पटमदा थाना क्षेत्र के जलडहर पेट्रोलपंप के पास सोमवार को सुबह करीब 7:30 बजे हुई सड़क दुघर्टना में एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई. मृत युवक लावा पंचायत के कियाबोहाल गांव के रहने वाले गंगासागर टुडू 30 वर्ष के रूप में पहचान हुई है. इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने टाटा-पटमदा मुख्य सड़क को जाम कर दिया. मौके पर पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत, बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग व मुखिया कानूराम बेसरा पहुंच कर और आंदोलनकारियों से वार्ता कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू से लदा हाइवा अक्सर तेज रफ्तार से मुख्य सड़क पर दौड़ता है और यहां स्पीड ब्रेकर नहीं होने की वजह से अब तक कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. पुलिस ने हाइवा चालक को हिरासत में लिया है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गंगासागर टुडू पेशे से दिहाड़ी मजदूर थे और वह सुबह अपने घर से जमशेदपुर के लिए अपनी बाइक पर हेलमेट पहने हुए अवस्था में ही निकला था. (नीचे भी पढ़ें)

रांगामाटी से बालू लेकर आ रहा अनियंत्रित हाइवा ने गलत दिशा में जाकर उसे बुरी तरह से कुचल दिया. इस घटना में उसकी बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है और शरीर कई टुकड़ों में कट चुका है. मुखिया कानूराम बेसरा ने बताया कि हाइवा चालक की लापरवाही से ही दुर्घटना हुई है जो गलत दिशा में जाकर बाइक को चपेट में लिया और कई फीट तक घसीटा गया. बाइक व मृतक हाइवा के नीचे फंसा हुआ था. बाइक चालक का सिर बुरी तरह से कुचले जाने से पहचान में नहीं आ रहा था. घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई है. कई यात्री बसें रूट बदलकर अपने गंतव्य को जा रही है. इधर फिलहाल पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.











