जमशेदपुर : पटमदा बाजार के हाई स्कूल रोड में रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे अनियंत्रित पिकअप वैन की चपेट में आने से 12 वर्षीया बच्ची लक्ष्मी टुडू गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे में उसके दोनों पैरों की हड्डियां कई जगह टूट गई हैं. गंभीर हालत में परिजन उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि होमगार्ड जवान अनिल टुडू की बेटी लक्ष्मी अपनी सहेलियों के साथ पैदल जा रही थी. इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप वैन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया. परिजनों के अनुसार, बच्ची को बेहतर इलाज के लिए टीएमएच या रिम्स ले जाने की जरूरत पड़ सकती है. हालांकि, आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ है. परिजनों ने आरोप लगाया कि पिकअप वैन चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण हादसा हुआ. घटना की जानकारी मिलने के बाद वाहन मालिक ने बच्ची के इलाज में सहयोग करने का आश्वासन दिया है.







