चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के बाजार क्षेत्र में विगत दिनों डेंगू के मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मी हरकत में आ गए हैं. डेंगू को फैलने से रोकने हेतु बुधवार को सीएचसी परिसर में विधायक समीर महंती ने सिविल सर्जन जुझार मांझी, घाटशिला के एसडीओ सत्यवीर रजक, बीडीओ देवलाल उरांव,सीएचसी प्रभारी डॉ रंजीत मुर्मू समेत सीएचसी के सभी चिकित्सक और कर्मियों के साथ बैठक की. बैठक में डेंगू,मलेरिया,डायरिया जैसी बरसाती बीमारियों के रोकथाम हेतु विस्तार पूर्वक चर्चा की गई. वहीं चाकुलिया सीएचसी में लोगों को कैसे बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले इसपर भी चर्चा की गई. बैठक में निर्णय लिया गया है डेंगू बीमारी समेत अन्य बरसाती बीमारियों के रोकथाम हेतु क्षेत्र में हाइकिंग कर प्रचार प्रसार कर लोगों को जागरूक करने, नपं द्वारा डेंगू से प्रभावित क्षेत्र और अन्य स्थानों पर फोगिंग मशीन चलवाने, एनटी लार्वा छिड़काव करने, आयुष्मान योजना के तहत सबर समाज और अन्य टीबी मरीज का उपचार करने का निर्देश दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही 7-8 अगस्त को सीएचसी पहुंचे मरीज का उपचार नहीं होने की शिकायत पाकर निर्णय लिया गया कि उक्त दिन ड्यूटी में रहे चिकित्सक के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा और एक दिन के वेतन रोकने का निर्देश दिया गया. बैठक में निर्णय लिया गया की अनुबंध पर नियुक्त जो भी स्वास्थ्य कर्मी अपने कार्य के प्रति गंभीर नहीं है, उसके खिलाफ सीएचसी प्रभारी स्वास्थ्य कमिटी के सदस्यों के साथ बैठक कर निरस्त करने का निर्देश दिया गया. वहीं प्रखंड के सभी उप स्वास्थ्य केन्द्र को प्रतिदिन खोलने और संबंधित उप केन्द्र के एएनएम और स्वास्थ्य कर्मी रहकर उपचार करना सुनिश्चित करने की बात कहीं गई. बैठक में डॉ झुलन दास, थाना प्रभारी वरुण कुमार यादव,नपं के सीटी मैनेजर मोनिस सलाम,सतीश कुमार,प्रणव बेहुरिया,झामुमो के गौतम दास,राजा बारीक,रसीद खान,राकेश महंती,गणेश दत्त,पिटला दास,मिथुन कर समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने डेंगू के समूचित इलाज की रखी मांग
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने सरकार से चाकुलिया सीएचसी में डेंगू जांच एवं डेंगू रोगियों के समूचित इलाज की व्यवस्था करने की मांग की है. डॉ गोस्वामी ने कहा कि चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र पूरी तरह डेंगू से प्रभावित है. चाकुलिया सीएचसी में डेंगू जांच और इलाज की व्यवस्था न होने के कारण चाकुलिया के डेंगू से ग्रस्त रोगियों को इलाज हेतु पश्चिम बंगाल के झारग्राम अस्पताल जाना पड़ता है. कई दिनों से चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में लोग डेंगू से ग्रस्त होकर बीमार हो रहे हैं, परन्तु स्वास्थ्य विभाग कोई कदम नहीं उठा रही है. समुचित इलाज के अभाव में अब तक चाकुलिया के 1 डेंगू प्रभावित मरीज की मृत्यु हो गयी है.




