गालूडीह: सोमवार को बड़ाखुर्शी पंचायत के आमचुड़िया-बनडीह गांव में बाहा पर्व का आयोजन धूमधाम से किया गया. पारंपरिक विधि-विधान के साथ बाहा पर्व पर प्रकृति की पूजा की गयी. बाहा के मौके पर आदिवासी समुदाय ने अपने इष्टदेव जाहेर आयो मारांग बुरु को चढ़ावा चढ़ाया. परंपरा के अनुसार मुर्गी की बलि चढ़ायी गयी. साल के फूलों से महिलाओं ने श्रृंगार किया और पुरुषों ने कान में साल के फूल लगाकर इष्टदेव से मन्नतें मांगी. (नीचे भी पढ़े)
नायके बाबा भादो हांसदा ने अपने सहयोगी के साथ पूजा-अर्चना की. इस अवसर पर पारंपरिक नृत्य में सैकड़ो की संख्या में महिलाओं ने परंपरागत परिधान पहनकर भाग लिया. जाहेरथान में प्रसाद के रूप में सोड़े का वितरण किया गया. ग्रामीणों ने एक साथ नीचे बैठकर प्रसाद खाया. बाहा पूजा को लेकर उत्सव का माहौल था. ग्रामीणों ने जाहेरथान में मत्था टेक क्षेत्र की सुख समृद्धि की मंगल कामना की.



