
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत के नया बाजार और पुराना बाजार के दुकानदारों के साथ गुरूवार को बीडीओ देवलाल उरांव ने बैठक की. बैठक में बाजार क्षेत्र के सड़कों पर रोजाना सड़क जाम होने से राहगीरों को होने वाली परेशानियों पर विचार विमर्श किया गया और सड़क को जाममुक्त करने पर रणनीति बनाई गई. बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ श्री उरांव ने कहा कि चाकुलिया बाजार क्षेत्र के सड़क किनारे लगने वाले दुकानदारों से कहा कि सभी दुकानदार अपनी अपनी दुकान के आगे सड़क किनारे सामान ना लगाये, सामान लगाने के कारण सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.
सड़क को जाम मुक्त बनाने में दुकानदार प्रशासन का सहयोग करे. मौके पर दुकानदारों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में कई ऐसे स्थान है जहां पर बिजली के खंभे सड़क किनारे लगाए गए है जिसके कारण भी सड़क जाम होता है. मौके पर पदाधिकारियों ने कहा कि वैसे स्थान को विभाग चिन्हित कर बिजली विभाग को अवगत कराकर सड़क किनारे लगाए बिजली के खंभे को हटाने का आदेश दिया जाएगा. बीडीओ ने कहा कि अगर सड़क किनारे किसी भी दुकानदार द्वारा अपनी सामान को सड़क किनारे लगाते पाये जाएंगे तो संबंधित दुकानदार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मौके पर थाना प्रभारी रंजित उरांव, नगर पंचायत के सिटी मैनेजर मोनिस सलाम, प्रभात मिंज समेत कई दुकानदार उपस्थित थे.




