जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र के कलियाबेड़ा मेन रोड पर सोमवार शाम दो बाइकों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो जाने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद सुंदरनगर थाना प्रभारी पवन कुमार तत्काल अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. बताया जा रहा है कि एक बाइक पर पति-पत्नी सवार थे. टक्कर में पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे देख महिला मौके पर ही बेहोश हो गई. मृतकों में से एक की पहचान ओड़िशा निवासी के रूप में हुई है.स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह इलाका सुनसान है और वहां कोई घर या दुकान नहीं है. इस कारण वाहन आम तौर पर तेज रफ्तार में चलते हैं. पहले भी इस सड़क पर कई हादसे हो चुके हैं. (नीचे भी पढ़ें)
हादसे के बाद घटना स्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है.











