चाकुलिया: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों की नजर अब कोल्हान पर है. फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बांग्लादेशी घुसपैठियें बड़ी संख्या में सरकारी जन कल्याणकारी योजनाओं में अपना नाम जोड़वाने में सफल हो रहे हैं. चाकुलिया प्रखंड के माटियाबांधी और मालकुंडी पंचायतों में 1 भी मुस्लिम परिवार निवास नहीं करता परंतु वहां से सैकड़ों की संख्या में मुसलमानों का फर्जी जन्म प्रमाणपत्र निर्गत हुआ. वहीं गुड़ाबांदा प्रखंड के बालिजुड़ी पंचायत, घाटशिला प्रखंड के हेंदलजुड़ी और चाकुलिया प्रखंड के बेंद, भातकुंडा, कालियाम सहित अनेक पंचायतों में मुस्लिम महिलायें फर्जी तरीके से मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि ले रही हैं, जबकि इन पंचायतों में कोई मुस्लिम परिवार निवास नहीं करता. एक बार सरकारी दस्तावेज में अपना नाम दाखिल हो जाने पर ये बंग्लादेशी घुसपैठियें मतदाता सूची में भी अपना नाम जुड़वाने में सफल हो जाएंगे और गरीबों के लिए चल रही केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं का भी लाभ लेने लगेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ गोस्वामी शनिवार को चाकुलिया स्थित जनसंपर्क कार्यालय में चाकुलिया मंडल के विभिन्न पंचायतों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे. उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठिये कोल्हान को अपना शरणास्थली बनाना चाहते हैं. अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिओं ने तो संथालपरगना के जनसांख्यिकी को प्रभावित किया है. वहां हो रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण वहां का सामाजिक समीकरण बदलने लगा है. डॉ गोस्वामी ने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठिए राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है. मौके पर हरिसाधन मल्लिक, दिनेश सिंह, तपन बेरा, दिलीप महतो, देवाशीष मंडल, दिलीप पाल, महादेव महतो, भरत पात्र, संजय दास, बनमाली दास, मिन्टू नंदी, संदीप चांद, रोहित पति, मुन्ना भारती समेत अन्य उपस्थित रहे.














