
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड में विगत एक सप्ताह से बिजली व्यवस्था चरमरा गई है. बिजली की आंख मिचौली से ग्रामीण त्रस्त है. बुधवार को ग्रामीणों की शिकायत पर भाजपा नेता सरोज महापात्रा बिजली बोर्ड के महाप्रबंधक परितोष कुमार से मिलकर ज्ञापन सौंपकर जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है. श्री महापात्रा ने ज्ञापन सौंपकर कहा है कि चाकुलिया प्रखंड में संवेदक द्वारा काफी निम्न कोटी की केबल तार ( बिजली तार) लगाई जा रही है,कहा कि केबल लगाने के साथ ही साथ कई बार केबल तार टूट रहे हैं जिससे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है. संवेदक द्वारा केबल तार गुणवत्ता के आधार पर नही लगाया जा रहा है जिसकी उच्च स्तरीय जांच कर विभाग संवेदक के उपर कार्रवाई करे और संवेदक को काली सूची में डाले. उन्होंने कहा कि केबल तार के बार- बार टूटने से क्षेत्र में कभी भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है. श्री महापात्रा को बिजली बोर्ड के महाप्रबंधक ने आश्वस्त किया है कि इस विषय पर जल्द ही विभागीय स्तर पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी.











