
चाकुलिया : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी और भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को चाकुलिया प्रखंड के सुनसुनिया शिशु मंदिर प्रांगण में भातकुंडा पंचायत के विभिन्न गांवों के जरूरतमंद बुजुर्गों के बीच कंबल का वितरण किया. डॉ गोस्वामी ने सभी बुजुर्गों को कंबल ओढ़ाकर और नमन कर उन्हें सम्मान दिया. कंबल वितरण के पूर्व लोगों को संबोधित करते हुए डॉ गोस्वामी ने कहा कि हमें अपने बुजुर्गों की सेवा करते हुए प्रसन्नता हो रही है. पं दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं को गरीबों की सेवा करने की प्रेरणा दी है. हम नर सेवा को नारायण सेवा मानते हैं.
डाॅ गोस्वामी ने कहा कि बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन दिलवाने, बिमार व्यक्ति को आयुष्मान योजना के तहत इलाज की व्यवस्था करने और प्रधानमंत्री आवास योजना की कठिनाइयों को दूर करने में वे और भाजपा कार्यकर्ता हरसंभव प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा संचालित गरीब कल्याण योजनाओं को गरीबों तक पहुँचाने में भाजपा कार्यकर्ता सहयोग करे. कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शतदल महतो ने किया. कार्यक्रम को जिला उपाध्यक्ष हरिसाधन मल्लिक, मंडल उपाध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य मनोरंजन महतो, मुखिया रेणुका मुंडा, भाजपा नेता गोपन परिहाड़ी, मंडल महामंत्री मोहन सोरेन, पिन्टु मल्लिक, दिलीप महतो, बिजय महतो, सुशांत महतो, लतीफ अंसारी, महादेव महतो, तपन बेरा समेत अन्य उपस्थित थे.






