गालूडीह: जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत बड़ाखुर्शी पंचायत के सालदोहा गांव के पास सातगुडुम नदी में सोमवार को ग्रामीणों ने पेड़ में फंसा हुआ एक अज्ञात युवती का शव देखा. शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. देखते ही देखते नदी के किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. इसके बाद ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना एमजीएम और गालूडीह पुलिस को दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला.(नीचे भी पढ़े)

युवती की उम्र लगभग 24-25 वर्ष होने का अनुमान है. पुलिस ने ग्रामीणों से शव की पहचान कराने की कोशिश की. लेकिन मृतका की पहचान नहीं हो सकी. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस युवती की शिनाख्त करने में जुटी हुई है और आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान कर रही है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके.



