जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके कमलपुर थाना अंतर्गत दगड़ीगोड़ा गांव स्थित लाया गाड़िया तालाब से मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान स्थानीय निवासी अश्विनी महतो (45) के रूप में हुई है, जो पिछले गुरुवार की शाम से लापता था. परिजनों ने बताया कि वह जमशेदपुर से लौटने के बाद अपने घर से काटिन के लिए निकला था, जिसके बाद वापस नहीं आया. मृतक के पिता परेश महतो ने शुक्रवार को कमलपुर थाना में गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया था.(नीचे भी पढ़े)
ग्रामीणों और उपमुखिया गोपाल गोराई के अनुसार अश्विनी जमशेदपुर में एक दवा कंपनी में कार्यरत था और पिछले तीन माह से अपने पिता के साथ रह रहा था. उसकी दूसरी पत्नी चार वर्षीय बेटे के साथ मायके में रहती है, जबकि पहली पत्नी से वह अलग हो चुका था. ग्रामीणों का कहना है कि शराब के नशे में वह पत्नी से मारपीट भी करता था.(नीचे भी पढ़े)
मंगलवार सुबह तालाब में शव को तैरते देख एक महिला ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई. दोपहर तक पुलिस ने तालाब से शव को बाहर निकाला. शव लगभग पांच दिन पुराना और सड़ी-गली अवस्था में था. पुलिस ने छानबीन के बाद परिजनों की ओर से किसी तरह की आपत्ति नहीं होने पर शव को दफनाने का निर्देश दिया. दोपहर बाद स्थानीय ग्रामीणों की बिना पोस्टमार्टम के उपस्थिति में शव को दफना दिया गया.















