चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद की भाजपा समर्थित प्रत्याशी चन्दना मुर्मू ने अपने चुनाव प्रचार अभियान को गति देते हुए नगर पंचायत क्षेत्र के सोनहरा एवं कामारीगोड़ा हरिजन टोला में डोर-टु-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया. इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की, उनका अभिवादन किया और आसन्न चुनाव में खुद के लिए समर्थन देने की अपील की. जन संपर्क के दौरान चन्दना मुर्मू ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद मिलने पर वे पारदर्शी एवं जन हितकारी प्रशासन के माध्यम से क्षेत्र को विकास की नई दिशा देने का कार्य करेंगी. (नीचे भी पढ़ें)
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया. चन्दना मुर्मू ने लोगों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उनकी समस्याओँ के समाधान का भरोसा दिलाया. इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष चंडी चरण साव, मंडल अध्यक्ष पार्थो महतो, साधन मल्लिक, संजय दास सहित बड़ी संख्या में समर्थक उनके साथ उपस्थित रहे.




