
चाकुलिया : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके के चाकुलिया नगर पंचायत कार्यालय में सोमवार की शाम नगर पंचायत की अध्यक्ष संध्या रानी सरदार की अध्यक्षता में बोर्ड कमेटी की बैठक हुई. बैठक में नगर पंचायत की विकास पर चर्चा किया गया. जन प्रतिनिधियों ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में डोर टू डोर कचरा उठाव वाहन के गली मुहल्ला में नही जाने से ग्रामीण कचरा को इधर-उधर फेंक रहें हैं जिससे वातावरण दूषित हो रहा है. बैठक में कहा गया कि कचरा उठाव वाहन जिस क्षेत्र में जाये तो साइरन बजायें ताकि लोगों को पता चल सके और लोग वाहन के पास आकर कचरा दे और कहा कि जहां गाड़ी नही जा पाती है, वहां के लिए इ-रिक्शा की व्यवस्था की जाए. बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गर्मी को देखते हुए नगर पंचायत क्षेत्र में ठप पड़े चापाकल की मरम्मत की जाये. सोनाहारा गांव में विधायक फंड से निर्मित डीप बोरिंग और नगर विकास फंड से निर्मित जुगिपारा के डीप बोरिंग खराब है निर्मान किया जाए. इसपर प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद ओझा ने कहा कि सोनाहारा गांव में विधायक फंड से डीप बोरिंग का निर्माण किया गया था, जो अब तक नगर पंचायत को हैंडओवर नही किया गया है, जिस कारण नगर पंचायत फंड से मरम्मत करना संभव नही है. बैठक में जानकारी देते हुए नगर पंचायत कर्मी शिवशंकर कुमार ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में वर्ष 2016 अप्रैल से 80 लाख रुपये पानी बिल बकाया है. कहा कि कंज्यूमर द्वारा बकाया राशि का भुगतान नही किया जा रहा है. कहा कि इस वित्तीय वर्ष में पानी का 13 लाख रुपये और होल्डिंग टैक्स 15 लाख रुपये का कलेक्शन हुआ है. बैठक में जनप्रतिनिधियों ने पारित किया कि नगर पंचायत द्वारा माइक से लोगों को सूचित किया जाए कि जनवरी माह तक बकाया पानी बिल का भुगतान ग्रामीण द्वारा कर दिया जाये नही तो नगर पंचायत प्रशासन कार्रवाई के लिए बाध्य होंगी. बैठक में नव निर्मित प्रखंड कार्यालय के सामने सड़क निर्मान करने और पुरानी प्रखंड कार्यालय में नगर पंचायत कार्यालय को शिफ्ट करने का प्रस्ताव पारित किया गया. बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुमित लोधा, प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद ओझा, पार्षद असगर हुसेन, मो गुलाब, देवानंद सिंह, मलय रूहीदास, शंभु दास, अनंदा बेरा, उमा लोधा समेत अन्य उपस्थित थे.


















