बहरागोड़ा : पवित्र सावन माह के पहले सोमवार के अवसर पर बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती ने बहरागोड़ा के प्रसिद्ध बाबा चित्रेश्वर शिव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र वासियों के लिए सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, अच्छी वर्षा एवं खुशहाली की कामना की. (नीचे भी पढ़ें)
विधायक मोहंती ने कहा कि चित्रेश्वर धाम झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लाखों श्रद्धालुओं के आस्था का प्रमुख केंद्र है. उन्होंने बताया कि उनके सतत प्रयासों से इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल के सौंदर्यीकरण और पर्यटन स्थल के रूप में विकास का कार्य लगातार आगे बढ़ रहा है. इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी. विधायक ने कहा कि जन आस्था से जुड़े स्थलों का संरक्षण एवं विकास उनकी प्राथमिकता में शामिल है. धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों के समुचित विकास से क्षेत्र की पहचान मजबूत होने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे. सावन माह के प्रथम सोमवार के अवसर पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा कर जलाभिषेक किया.




