
चाकुलिया :चाकुलिया प्रखंड की सिमदी पंचायत के सिमदी गांव से दाड़िका तक स्वीकृत पीएमजीएसवाई सड़क का निर्माण किया जा रहा है. बुधवार को बाघघोरी गांव के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में संवेदक द्वारा अनियमितता बरते जाने से निर्माण कार्य को बंद करा दिया है. सड़क निर्माण में अनियमितता बरतने से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्राक्कलन के मुताबिक कार्य ना होने के कारण कार्य को बंद करा दिया है. ग्रामीणों ने इसकी सूचना विधायक समीर महंती और पंचायत के पूर्व मुखिया साहेबराम मांडी को दी है. कार्य बंद होने की सूचना पाकर विधायक समीर महंती गांव पहुंचकर योजना कार्य का अवलोकन किया. मौके पर लोगों ने विधायक से गुणवत्ता पूर्ण कार्य करवाने की मांग की है.

मौके पर विधायक ने लोगों को आश्वस्त किया की वे संवेदक और संबंधित विभाग के पदाधिकारी को कार्यस्थल बुलाकर योजना की जानकारी लेकर गुणवत्ता पूर्ण कार्य करवाने की दिशा में पहल करने की बात कही है. विधायक ने योजना स्थल से ही विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी से दूरभाष पर बात कर योजना की जांच कर गुणवत्ता पूर्ण कार्य करवाने की बात कही है. इस संबंध में पंचायत के पूर्व मुखिया साहेबराम मांडी ने कहा कि सड़क निर्माण में अनियमितता बरती गयी है. कहा कि सड़क के कालीकरण कार्य प्राक्कलन के अनुसार नही किया गया है. सड़क से पिच उखड़ने लगा है. वही इस संबंध में संवेदक मनोज अग्रवाल ने कहा कि कार्य प्राक्कलन के अनुसार किया जा रहा है. कहा कि ग्रामीण विभाग के पदाधिकारी से योजना की जांच करा ले. मौके पर प्रखंड अध्यक्ष साहेब राम मांडी, उपाध्यक्ष बलराम महतो, निर्मल महतो, राजू कर्मकार, मिथुन कर, कार्तिक सीट, रवि सीट समेत अन्य उपस्थित थे







