जादूगोड़ा : जादूगोड़ा के सासपुर स्थित सीआरपीएफ के ग्रुप केंद्र में सोमवार को केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल का 88वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया. इस अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से केरिपुबल की गौरवशाली विरासत, वीरता, शौर्य, बलिदान, सेवा एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को स्मरण किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

बल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ स्थापना दिवस समारोहों की शुरुआत हुई. केरिपुबल के जमशेदपुर उप महानिरीक्षक रमेश कुमार ने शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देनेवाले वीर जवानों को नमन किया. इसके उपरांत उन्होंने क्वार्टर गार्ड पर सलामी ली. उधर इस अवसर पर विशेष सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए रमेश कुमार ने केरिपुबल के गौरवशाली इतिहास एवं राष्ट्र निर्माण में बल की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला. उन्होंने कार्मिकों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, समर्पण एवं उच्च मनोबल के साथ राष्ट्र सेवा के अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया. इससे पूर्व समारोह के दौरान सीआरपीएफ के वीर शहीदों की शहादत का स्मरण करते हुए परिजनों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त किया गया. इस अवसर पर उपस्थित केरिपुबल के भूतपूर्व कार्मिकों को सम्मानित भी किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस मौके पर केरिपुबल के 88वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सीआरपीएफ@88 अभियान के तहत बच्चों में केरिपुबल की गौरवशाली विरासत एवं राष्ट्र सेवा की भावना के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह एवं उमंग के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से केरिपुबल के शौर्य, साहस एवं राष्ट्र सेवा की भावना को रंगों में अभिव्यक्त किया. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पूरे दिन के कार्यक्रमों की शृंखला के पश्चात संध्या में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ. सांस्कृतिक संध्या में बच्चों, महिलाओं एवं केरिपुबल कार्मिकों द्वारा विभिन्न मनमोहक एवं रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं. देशभक्ति, भारतीय संस्कृति एवं केरिपुबल की गौरवशाली परंपरा से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा पूरे वातावरण को उत्साह एवं उमंग से भर दिया. कार्यक्रम में भाग लेनेवाले सभी प्रतिभागियों को डीआइजी रमेश कुमार ने सम्मानित किया.







