
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की चिंगड़ा पंचायत के डोमबाउटीया गांव निवासी भवतोष वाला की बुधवार की दोपहर खेत में घास काटने के दौरान बिजली के तार की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। विदित हो के गांव के किसान सिंचाई करने के लिए बांस के सहारे बिजली के तार खेतों तक ले गए थे। बांस टूट जाने के कारण बिजली का तार जमीन पर गिर गया था, जिससे वहां काम कर रहे भवतोष बाला की घटनास्थल पर ही तार की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि भवतोष वाला दोपहर में घास काटने के लिए खेत गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश करनी शुरू की। (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने खेत में जाकर देखा तो उनका शव पड़ा हुआ था। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों ने शव को उठने नहीं दिया था। ग्रामीण और परिजन मुआवजे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक बिजली विभाग के पदाधिकारी घटनास्थल आकर वार्ता नही करेंगे, तबतक शव को ले जाने नही देंगे। ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में बिजली का तार मौत बनकर दौड़ रहा है। हर वर्ष ग्रामीण क्षेत्र में कई ग्रामीण बिजली के तार की चपेट में आकर मौत होती है। उन्होंने कहा कि कई बार ग्रामीण बिजली विभाग के पदाधिकारी से खंभे के सहारे बिजली की तार खेतों तक ले जाने की मांग कर चुके हैं, परंतु इस दिशा में विभाग द्वारा अब तक पहल नहीं की गया है, जिससे लोगों में काफी आक्रोश है।







