चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. क्षेत्र में अबतक 21 लोगों में डेंगू के लक्षण पाएं गए हैं. वहीं नगर पंचायत क्षेत्र की एक महिला की डेंगू से विगत दिनों मौत होने के बाद प्रशासन के कान खड़े हो गए हैं. डेंगू से बचाव के लिए प्रशासन के द्वारा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में फोगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव किया जा रहा है. डेंगू का प्रभाव बढ़ता देख विगत दिनों विधायक समीर महंती ने जिले के सिविल सर्जन जुझार माझी, घाटशिला के एसडीओ सह नपं के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी सत्यवीर रजक,सीएचसी प्रभारी चिकित्सक डॉ रंजीत मुर्मू समेत स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में फैल रहे डेंगू के प्रभाव को रोकने के लिए चर्चा की थी. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में विधायक समीर महंती ने प्रभावित क्षेत्रों में समय समय पर एंटी लार्वा लिक्विड का छिड़काव और फोगिंग करने का निर्देश दिया था. जिसपर अमल करते हुए नपं प्रशासन द्वारा नपं क्षेत्र में फोगिंग और एंटी लार्वा लिक्विड का छिड़काव शुरू कर दिया गया है. मिली जानकारी के अनुसार अब तक नगर पंचायत प्रशासन द्वारा क्षेत्र के सरदारपाड़ा, मुस्लिम बस्ती,नामोपाड़ा और जोगीपाड़ा समेत अन्य इलाकों में एंटी लार्वा लिक्विड का छिड़काव हुआ है और जल्द ही अन्य इलाकों में छिड़काव किया जाएगा.












