
घाटशिला : घाटशिला दौरे पर पहुंचे डीआईजी राजीव रंजन ने जिला के ग्रामीण थाना प्रभारियों के साथ मऊभंडार स्थित एचसीएल-आईसीसी कंपनी के डायरेक्टर बंगला परिसर में समीक्षा बैठक की. बैठक में डीआईजी ने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में गश्ती को बढ़ाये, क्षेत्र में क्राइम कंट्रोल करे और नक्सली गतिविधि पर लगातार नजर बनाये रखे. कहा कि जिला के वरीय पुलिस पदाधिकारी के कार्य बेहतर है, जिससे जिला नक्सल मुक्त हो पाया है. उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन और अवैश शराब भट्ठियों पर अंकुश लगाये. उन्होंने कहा कि किसी भी थाना क्षेत्र में अगर अवैध खनन और शराब भट्ठी के संचालन होने की उन्हें शिकायत मिली तो थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सभी थाना में थाना दिवस का आयोजन कर क्षेत्र की छोटी बड़ी समस्या का निष्पादन करें और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए ग्रामीण और पुलिस के बीच सामंजस्य स्थापित करें. उन्होंने सभी थाना प्रभारी अपने थाना क्षेत्र के नक्सल के आरोप में या आर्म्स एक्ट के आरोप में जेल की सजा काटकर गांव लौटे व्यक्ति पर नजर बनाये रखने की बात कही है. दौरे के क्रम में डीआईजी ने घाटशिला थाना पहुंचकर अवलोकन किया. बैठक में डीआईजी ने थाना प्रभारियों का उचित मार्गदर्शन किया. मौके पर ग्रामीण एसपी सुभाष जाट, घाटशिला एसडीपीओ राजकुमार मेहता, मुसाबनी एसडीपीओ पीतंबर सिंह खेड़वाड़ समेत सभी ग्रामीण थाना के थाना प्रभारी उपस्थित थे.
















