
जमशेदपुर : कोल्हान की सबसे बड़ी व्यवसायिक और कारोबारी संस्था सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का एक प्रतिनिधिमंडल झारखण्ड स्टेट टैक्स डिपार्टमेंट की प्रधान सचिव वंदना डांडेल, आयुक्त आकांक्षा रंजन, विशेष सचिव संजय वत्स से रांची स्थित उनके कार्यालय में मिलकर एक स्मार पत्र सौंपकर प्रोफेशनल टैक्स, वैट एवं जीएसटी से संबंधित विभिन्न मांगों को रखा. इन मांगों में विशेष रूप से प्रोफेशनल टैक्स के माइग्रेशन एवं उसमें चालान एवं रिटर्न भरने से संबंधित जो भी कठिनाईयां आ रही है, उन कठिनाईयों से उपरोक्त सभी पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए इसे जल्द से जल्द दूर करने के लिये आग्रह किया गया. इस पर चेंबर के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया गया कि बहुत जल्द इससे संबंधित जितने भी टेक्निकल और आइटी से संबंधित समस्यायें हैं उसका निराकरण किया जायेगा. प्रतिनिधमंडल ने प्रधान सचिव से मांग की कि व्यवसायियों से प्रोफेशनल टैक्स भुगतान करते समय जो इंटरेस्ट की मांग की जा रही है उसे नहीं किया जाये. इस पर भी प्रधान सचिव ने आश्वासन दिया है कि वे अपने स्तर से इस मामले को देखेंगी. इसके अलावा चेंबर के प्रतिनिधिमंडल द्वारा वैट में कर समाधान स्कीम और जीएसटी में सरलीकरण की मांग भी की गई. उपरोक्त पदाधिकारियों से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में सिंहभूम चेंबर के उपाध्यक्ष, जनसंपर्क एवं कल्याण, एडवोकेट मानव केडिया, सचिव, वित्त एवं कराधान एडवोकेट राजीव अग्रवाल एवं एडवोकेट राजेश अग्रवाल के अलावा अन्य सदस्य उपस्थित थे.

















