
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की सरडीहा पंचायत में विगत कई दिनों से नौ हाथियों का झुंड पंचायत के विभिन्न गांव में विचरण कर रहा है. पंचायत में हाथियों के आने से ग्रामीण दहशत में हैं. ग्रामीणों ने बताया कि विगत तीन दिन से नौ हाथियों का झुंड पंचायत के पाकुड़िया गांव में शरण लिये हुए है. ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का दल दिनभर गांव से सटे जंगल में रहता है और शाम होते ही जंगल से बाहर निकलकर गांव की और रूख कर लेता है. कहा कि हाथियों के भय से ग्रामीणों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. शाम होते ही ग्रामीण अपने घरों में दुबक जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
वही पंचायत के किसानों ने कहा कि इस वर्ष काफी नुकसान हुआ है. किसान कोरोना के कारण हुए लॉकडाउन से परेशान तो हैं ही, उस पर यास तूफान ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है. तूफान और बारिश से उनकी बची-खुची फसल को अब हाथियों का झुंड खाकर और पैरों तले रौंदकर बर्बाद कर रहा है. ग्रामीणों ने कहा कि विगत कई दिनों से हाथियों का झुंड क्षेत्र में जमे हुए है. हाथीयों को भगाने की हर कोशिश नाकाम साबित हो रही है.













