
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के श्यामसुंदरपुर गांव में शुक्रवार-शनिवार की रात नौ हाथियों का झुंड गांव में प्रवेश कर जमकर उत्पात मचाया है। हाथियों के झुंड ने खेत में पड़े सात एकड़ धान को खाकर और पैरों तले रोंद कर बर्बाद कर दिया है। घटना की सूचना पाकर पंचायत की पंचायत समिति सदस्य ज्योति रानी गोस्वामी पीड़ित किसानों से मिलकर हाथियों द्वारा किए गए क्षतिपूर्ति का आकलन किया और किसानों को आश्वस्त किया कि वे वन विभाग के अधिकारियों से बात कर जल्द मुआवजा राशि दिलाने की मांग करेगी। मौके पर मृगांखो गोस्वामी, शशांक गोस्वामी, विजय गोस्वामी, संजय गोस्वामी, समीर गोस्वामी और राज बल्लभ गोस्वामी ने बताया कि वे सभी अपने खेत की तैयार धान की फसल को काटकर धान झाड़ने के लिए एक ही स्थान पर रखा था, बीती रात हाथियों का झुंड खेत में प्रवेश कर सात एकड़ जमीन की फसल को खाकर और पैरों तले रोंदकर बर्बाद कर दिया है। कहा कि हाथियों के झुंड द्वारा किए फसल नष्ट से किसानों को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। किसानों ने बताया कि हाथियों के गांव से सटे जंगल में सरन लिए होने से किसानों के बीच अपनी फसल की सुरक्षा को लेकर किसान चिंतित हैं।




