चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर चार के पूर्णापानी गांव में शुक्रवार की अहले सुबह हाथी आ पहुंचा. इसके कारण गांव में अफरा तफरी मच गयी. हाथी ने पूर्णापानी गांव के पूर्व प्रधान कादू माझी के घर की दीवार को तोड़कर करीब दस बोरी धान को खाकर और छींटकर बर्बाद कर दिया. कादू माझी घर से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई. कादू माझी ने बताया कि वे अपने घर के पीछे खटिया पर सो रहे थे. अचानक घर के बाहर कुछ आवाज सुनाई दी. (नीचे भी पढ़ें)
घर के बाहर जा कर देखा तो कुछ दिखाई नहीं दिया. वापस आकर सोने लगे. तभी अचानक दीवार गिरने की आवाज आई. उठ कर देखा तो एक विशालकाय हाथी अपना सूंड घुसा कर घर में रखी धान की बोरियों को उठाकर बाहर ले जा रहा है. उन्होंने बताया कि हाथी दस मिनट तक उत्पात मचाता रहा और धान खाकर वापस जंगल की और चला गया. गांव से सटे जंगल में हाथी के आने से ग्रामीण काफी भयभीत हैं.




