जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर गुरुवार को पश्चिम बंगाल चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान कमलपुर थाना क्षेत्र के गोलकाटा तथा बोड़ाम थाना अंतर्गत डूंगरीडीह और दामोदरपुर में कुल चार अवैध चुलाई शराब भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. छापेमारी के दौरान लगभग 800 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं करीब 35 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई. हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही भट्टी संचालक जंगल का सहारा लेकर मौके से फरार हो गए. प्रशासन ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.



