
बहरागोड़ा : कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद डॉ अजय कुमार ने मंगलवार को बहरागोड़ा प्रखंड के कई गांव का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक की और उनकी समस्याओं से रू-ब-रू हुए. डॉ अजय कुमार को मौदा पंचायत के चौरंगी चौक में पहुंचे वहां मौदा पंचायत के लोगों ने समस्याओं से अवगत कराया और समस्या के समाधान करने का आग्रह किया. लोगों ने कई बार आवेदन देने के बावजूद भी वृद्धा पेंशन से वंचित रहने का दुखड़ा सुनाया. साथ ही कई बुजुर्गों ने काफी उम्र होने के बावजूद आज तक वृद्धा पेंशन स्वीकृत नहीं होने की जानकारी दी, साथ ही साथ अन्य समस्याओं से अवगत कराया. डॉ अजय कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे जिले के उपायुक्त से इस संबंध में बात कर समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करेंगे. डॉ अजय ने कहा कि पिछले कई साल से केंद्र सरकार के द्वारा वृद्धा पेंशन स्वीकृति पर रोक लगा दी गयी है. जिसके कारण नया वृद्धा पेंशन स्वीकृत नहीं हो रहा है. पूर्व सांसद ने यह भी कहा कि लोगों ने केंद्र में भाजपा की सरकार बनायी है, भारतीय जनता पार्टी धर्म के नाम पर लड़ाने का काम करती है, बल्कि जनसमस्याओं से संबंधित आम लोगों की समस्या का समाधान नहीं हो रही है. डीजल पेट्रोल का दाम आसमान छू रहा है. वृद्धा पेंशन की नई स्वीकृति नहीं की जा रही है. डॉ अजय कुमार को आम लोगों ने बैंक से दिए गए केसीसी लोन में सरकार द्वारा छूट देने के बावजूद भी बैंक के अधिकारियों के द्वारा छूट मंजूर नहीं किये जाने की शिकायत की, जिस पर पूर्व सांसद डॉ अजय कुमार ने इस पर जिले के उपायुक्त और संबंधित राज्य के मंत्री से बात करने की बात कही है. इस दौरान कांग्रेस के अरुण यादव, आनंद बिहारी दुबे,बहरागोड़ा प्रखंड अध्यक्ष सोनाराम पुष्टि, पद्मलोचन राणा, तापस महापात्रा,जितेंद्र बेरा, देवदत्त घोष ,फाल्गुनी घोष, स्वरूप प्रधान, गोपाल घोष, चित्र माईती ,सौरभ गिरी,देबू महाकुड़, विमल बारिक, दुलाल नंद गिरी, नारायण पैड़ा समेत अन्य उपस्थित थे.

















